
बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव में करीब दो दशक पुराने जमीनी विवाद ने रविवार की शाम खूनी रूप ले लिया। पट्टीदारी को लेकर हुए विवाद में 58 वर्षीय राजदेव पाठक की लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में राजदेव पाठक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। दो थाने की फोर्स तैनात है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नगवा गांव निवासी राजदेव पाठक अपने पड़ोस के काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार व पड़ोसी उत्कर्ष पाठक पुरानी जमीनी रंजिश और पट्टीदारी विवाद को लेकर वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट से राजदेव पाठक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) संजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी पट्टीदारी और जमीनी विवाद से जुड़ा है। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर दुबहड़ थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। नामजद अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुरानी रंजिश में हुई इस हत्या से नगवा गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

