
पार्टी के सेनापति हैं बूथ अध्यक्ष : रमापति राम त्रिपाठी
बलिया। भारतीय जनता पार्टी के नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ अध्यक्ष पार्टी के सेनापति हैं और चुनावी विजय की नींव बूथ स्तर पर ही रखी जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक एक मजबूत श्रृंखला के रूप में कार्य करता है।
रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही विकास और जनसेवा का सबसे बड़ा आधार है। कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए तथा भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ अध्यक्ष उसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि किसी भी चुनाव की जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। बूथ अध्यक्षों की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा ही भाजपा की लगातार सफलताओं का आधार रही है।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों के मान-सम्मान और उनके सशक्तीकरण के लिए वह हर स्तर पर हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य किए हैं, जिन्हें लेकर कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएं। बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी साझा किए तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में 394 बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी आदि ने प्रत्येक बूथ पर विजय सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, चेयरमैन संत कुमार मिठाई लाल, संजीव कुमार डंपू, योगेश सिंह, रिंकू दुबे, नीतू पांडेय, सोनी तिवारी, विश्वजीत तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन सुरजीत सिंह परमार ने किया।

