
बलिया। सोमवार को हुई बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। करीब 10 बजे से जिले के विभिन्न हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला दोपहर करीब तीन बजे तक रुक-रुककर जारी रहा।

बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया। नगरपालिका की ओर से नाला सफाई कराने के दावों की भी पोल खुलती नजर आई। आवास विकास कॉलोनी, एससी कॉलेज चौराहा, जापलिनगंज, काजीपुरा और कलेक्ट्रेट सहित कई प्रमुख स्थानों पर पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जलभराव वाले रास्तों से होकर गुजरना पड़ा।

हालांकि, बारिश ने पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहाना हो गया। बारिश के दौरान कई स्थानों पर बच्चे और युवा उत्साहित नजर आए। वहीं, साइकिल और बाइक सवार भी बारिश में भीगते हुए सफर करते दिखे। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश को किसानों के लिए लाभदायक माना जा रहा है। खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। इससे पहले शनिवार रात को भी जिले के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हुई थी।

