
बलिया। बिहार के बक्सर जिले के राजपुर गांव में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के पिता स्वर्गीय विंध्याचल सिंह की चौथी पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एवं बिहार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बलिया और बक्सर जिलों के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर स्व. विंध्याचल सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं गायत्री मंत्र के साथ हुई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, उनके भाइयों एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन, हवन और आरती कर स्व. विंध्याचल सिंह की पुण्य स्मृति को नमन किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

पुण्यतिथि के अवसर पर समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में उत्तर प्रदेश और बिहार के अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
शारदा नारायण हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम रही मौजूद
स्वास्थ्य शिविर में शारदा नारायण हॉस्पिटल इब्राहिमपट्टी की पूरी चिकित्सकीय टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने स्व. विंध्याचल सिंह के व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा, सादगी और सामाजिक समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

