
बलिया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ जीरा बस्ती स्थित ज्ञानपीठिका स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएफओ नीरज कुमार आर्य रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डीएफओ नीरज कुमार आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धरोहर हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने वृक्षों के महत्व पर आधारित लघु नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं अनुप्रिया देव, प्राची राय, रिया राय, आराध्या यादव, आन्या यादव, अंजलि पाण्डेय, मोनिका कश्यप एवं आंशिका चौबे सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संचालन संस्कृति सिंह ने किया। इस अवसर पर डीएचओ डॉ. अलका, प्रबंधाचार्य विनय कुमार सिंह, पूर्व प्रबंधाचार्य माधुरी पाण्डेय, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

