
बलिया। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को अरुणाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बलिया लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से आरोपी की तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले स्थित आईटीबीपी के आरटीसी कीमीन सेंटर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक समरेन्द्र कुमार मिश्रा व हेड कांस्टेबल संजय कुमार यादव की टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी मुकेश कुमार गुप्ता (26) निवासी डेहरी, थाना रसड़ा, जनपद बलिया को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बलिया पहुंचाया। यहां आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

