
बेरुआरबारी (बलिया)। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद क्षेत्र की सरकारी शराब दुकानों पर निर्धारित समय से पहले ही बिक्री शुरू होने का मामला सामने आया है। इस पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के युवा नेता उपेंद्र सिंह मुकुंडी ने सख्त रुख अपनाते हुए कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुखपुरा स्थित सरकारी शराब दुकान पर सुबह करीब सात बजे ही शराब खरीदने वालों की भीड़ लगी मिली।
जांच में यह भी पाया गया कि दुकानदार निर्धारित समय सुबह दस बजे से पहले ही बिक्री कर रहे थे और ग्राहकों से तय दर से लगभग दस रुपये अधिक वसूले जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री सिंह ने तत्काल सुखपुरा थाना अध्यक्ष एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय से पहले शराब बिक्री पर रोक नहीं लगी, तो जिला स्तर पर इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उपेंद्र सिंह मुकुंडी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मजदूर वर्ग के लोग अक्सर काम की थकान मिटाने के लिए शराब के आदी हो जाते हैं। ऐसे में कुछ दुकानों के सेल्समैन इस लत का फायदा उठाकर सुबह से ही ऊंचे दामों पर शराब बेचते हैं, जो पूरी तरह गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले बेरूआरबारी क्षेत्र से भी इसी तरह की शिकायत मिली थी। जिस पर तत्काल कार्रवाई कराते हुए वहां सुबह दस बजे से पहले शराब बिक्री पर रोक लगवा दी गई है। अब वहा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की अनियमितताओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि नियमों का पालन हो सके और अवैध वसूली बंद हो।

