
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के आंगनबाड़ी केंद्र में शुक्रवार को एक मासूम बच्ची गर्म खिचड़ी में गिरकर झुलस गई। घटना के बाद बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाकर उपचार कराया गया।
कुल्हड़िया गांव निवासी मोहर गुप्ता ने बताया कि उनकी छह वर्षीय पुत्री रिया गुप्ता आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गई थी। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के दौरान बच्चों को गर्म खिचड़ी परोसी जा रही थी। इसी बीच बच्ची असंतुलित होकर खिचड़ी से भरी प्लेट में गिर गई, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। घटना के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा प्राथमिक उपचार कराने के बाद बच्ची को घर पहुंचाया गया। बाद में परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया। मामले की सूचना पर नरही थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने संज्ञान लेते हुए प्रधानाध्यापक को बुलाया और बच्ची के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई।

