
बलिया। चितबड़ागांव नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह के आवास में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बलिया-गाजीपुर मार्ग पर अमित पेट्रोल पंप के सामने स्थित चेयरमैन का नया आवास लगभग एक वर्ष पूर्व ही बना है, जहां वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते हैं। मंगलवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब चेयरमैन नींद से जागे तो कमरे में लगे टीवी (सीसीटीवी) स्क्रीन पर किचन, हाल और एक अन्य कमरे में आग की लपटें दिखाई दीं।
यह देख चेयरमैन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपनी पत्नी और दोनों बेटों को खिड़की के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला और पास में ही रह रहे अपने बड़े भाई को आवाज दी। कुछ ही देर में पेट्रोल पंप के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना के लगभग आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तब तक आग से हाल, किचन और एक कमरे में रखे एसी, सोफा, दीवारों में लगे प्लाई और शीशे समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना के बाद सुबह से ही चेयरमैन के आवास पर लोगों का तांता लगा रहा और सभी ने परिवार की कुशलक्षेम जानी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

