
बलिया। जिले में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। नेगेटिव बैलेंस के चलते अब तक 28,266 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए हैं। दो अप्रैल तक 17,522 उपभोक्ताओं ने मीटर रिचार्ज कराया, जबकि अब भी 10,744 उपभोक्ता बिना रिचार्ज के हैं।
विभागीय जांच में 185 उपभोक्ता ऐसे पाए गए, जिन्होंने रिचार्ज न कराते हुए मीटर बाईपास कर बिजली का उपयोग किया। इस पर विद्युत निगम की ओर से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। अधीक्षण अभियंता विनोद जायसवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि नेगेटिव बैलेंस होने पर कनेक्शन कटने के बाद रिचार्ज कर ही बिजली का उपयोग करें। मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मीटर रिचार्ज करते समय वर्तमान नेगेटिव बैलेंस के साथ पिछले बकाए का कम से कम 10 से 25 प्रतिशत भुगतान करना अनिवार्य है, तभी उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से बिजली का उपयोग कर पाएंगे। जिले में विद्युत चोरी के खिलाफ विभागीय टीम और विजिलेंस के माध्यम से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली की मांग में तेजी आई है। फरवरी माह में जिले का अधिकतम विद्युत भार 260 मेगावाट था, जो मार्च में बढ़कर 310 मेगावाट पहुंच गया।
उपभोक्ता यहां करें शिकायत
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि विद्युत व्यवधान से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर या अपने नजदीकी पावर हाउस पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम के नंबर 9453048337 पर भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गर्मी में निर्बाध आपूर्ति के लिए चल रहा अनुरक्षण कार्य
अधीक्षण अभियंता विनोद जायसवाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगम की ओर से लगातार अनुरक्षण कार्य कराया जा रहा है। उपकेंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

