Asarfi

Ballia : बलिया में पुलिस मुठभेड़: बिजली तार चोरी गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, दो घायल

width="500"

बलिया। जनपद में बिजली के तार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सहतवार और बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में सहतवार व बांसडीह पुलिस ग्राम अकबरपुर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो चार पहिया वाहन संदिग्ध रूप से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वाहन सवार भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में टिंकू कुमार शाह (37) और शमीम अंसारी उर्फ सोनू (36) के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से दोनों घायल समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद यादव, मन्नू कुमार साह, रोहन कुमार पांडेय, फिरोज खान और अभिषेक उर्फ अंशु गौड़ शामिल हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26/27 मार्च की रात दुधैला और 30/31 मार्च की रात अकबरपुर में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के सामान की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी किए गए बिजली के तार, तार काटने के उपकरण (पिलास, आरी, रबर ग्लव्स) और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। घायल आरोपियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *