
बेरुआरबारी। स्थानीय ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत सूर्यपुरा निवासी पचरत्न प्रजापति 46 वर्ष अपने लड़के ओमप्रकाश प्रजापति उर्फ पिंटू के लिए लड़की देखने बुधवार को सुबह सहतवार स्थित चैन राम बाबा के मंदिर पर अपने मित्र सूर्यपुरा जगदीशपुर निवासी धीरेन्द्र कपाड़िया के साथ गये थे। जहा से वापस आते समय देर साय करीब 5.30 बजे सहतवार थाना क्षेत्र के सुरहिया मोड पर अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा कर सड़क किनारे गढ्ढे में पलट गई। जिसमें दोनों मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। इस घटना कि खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों के रोते बिलखते देख वहा उपस्थित सबकी आंखे नम हो गई।
एक साथ दो लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हैं। पचरत्न प्रजापति की पत्नी अनिता देवी व उसके चारो बच्चे ओमप्रकाश प्रजापति उर्फ (पिंटू) व सिंटू प्रजापति, बेटी काजल, खुशी का भी रोरो कर बुरा हाल है। वही धीरेन्द्र कपाड़िया की पत्नी समिता देवी रोते बिलखते बार बार बेहोश हो जा रही थी। धीरेन्द्र कपाड़िया के पांच पुत्र व चार पुत्रियां है, सबका हाल बेहाल हैं। इस दर्दनाक घटना ने दो परिवारों का सहारा ही छीन लिया है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालेंदु रजक एवं ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की हैं।

