शराब पीने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिचलाघाट चौकी अंतर्गत शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्तूबर को बेदुआ मोहल्ला निवासी दो पक्षों के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को लेकर जेपी साहनी पुत्र नूरी साहनी ने वीरेन्द्र साहनी पुत्र मोहन साहनी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वीरेन्द्र साहनी घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घायल के परिजन की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
