
बलिया। थाना हल्दी पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई पूजा सामग्री, वाद्य यंत्र और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता तथा थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को मंदिर के पुजारी ने अज्ञात चोर द्वारा मंदिर से नगदी, पूजा में प्रयुक्त पीतल व तांबे के लोटे, थाली तथा वाद्य यंत्र (झालर) चोरी कर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामगढ़ मार्केट के पास से अजय पासवान (22 वर्ष) निवासी रकबा टोला, थाना बैरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सात जोड़ी बड़े, पांच जोड़ी मध्यम और दो जोड़ी छोटे पीतल के झालर, एक बड़ा व एक छोटा पीतल का लोटा तथा पीली धातु की थाली बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध बैरिया व सहतवार थानों में चोरी और आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

