Asarfi

Ballia : पुलिया से अपहरण और मनियर तक ले जाने की कहानी निकली मनगढ़ंत

width="500"

जांच में हुआ खुलासा, अपहरण नहीं आपसी विवाद का निकला मामला
बलिया।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दतीवढ़ निवासी कक्षा आठवीं के 13 वर्षीय छात्र आदित्य पासवान पुत्र विनोद पासवान द्वारा रचा गया कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में फर्जी निकला। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे आदित्य शिवपुर बाजार से मोमोज खाकर घर लौट रहा था। शिवपुर-दतीवढ़ मार्ग स्थित पुलिया के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उससे किसी गांव का पता पूछा। बच्चे के अनुसार, “नहीं जानता” कहने पर एक युवक ने पीछे से रुमाल मुंह पर रख दिया और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया।


लड़के ने बताया कि जब उसे होश आया तो वह मनियर थाना क्षेत्र के रामजीत बाबा स्थान, बड़ागांव के पास मोटरसाइकिल पर था। घबराहट में उसने झटका दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। इसी दौरान सामने से आ रहे दो युवकों को देखकर वह उनकी ओर भागा और घटना बताने लगा। मौके का फायदा उठाकर कथित बदमाश फरार हो गए।
युवकों ने घायल अवस्था में बच्चे को बेरुआरबारी तक पहुंचाया। रात करीब नौ बजे आदित्य पैदल ही घर के लिए निकला, जहां रास्ते में गांव के तीन लोगों से मुलाकात होने पर वे उसे घर छोड़ आए। घर पहुंचने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई और अगले दिन सुखपुरा थाने में लिखित शिकायत दी गई।

थानाध्यक्ष ने बताया फर्जी है अपहरण की घटना
इस संबंध में थाना अध्यक्ष रत्नेश कुमार दुबे ने बताया कि मामला अपहरण का नहीं है। जांच में सामने आया है कि लड़का एक लड़की को बार-बार फोन कर परेशान कर रहा था। लड़की के परिजनों द्वारा डांट-फटकार लगाए जाने से नाराज होकर उसने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया है। थाना अध्यक्ष के अनुसार, दोनों की उपस्थिति में उचित कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *