
बुलडोजर चला, अतिक्रमण हटा, फिर भी महीनों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण
बलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से कनेक्ट होने वाली दुबहर रिंग बांध सड़क का एक हिस्सा आज भी अधूरा पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह बिखरी गिट्टी और अधूरा निर्माण राहगीरों के लिए परेशानी के साथ-साथ बड़े हादसे का खतरा भी बन गया है।
कुछ माह पहले पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की टीम ने टोल टैक्स, एनएच-31 से रिंग बांध की ओर जाने वाले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। बुलडोजर चलाकर कई जगह अतिक्रमण हटाया गया था और संबंधित लोगों को सड़क निर्माण में बाधा न डालने की चेतावनी भी दी गई थी।

इसके बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब सड़क का निर्माण तेजी से पूरा होगा और आवागमन सुगम हो जाएगा। लेकिन कार्रवाई के कई महीने बाद भी सड़क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अधूरा पड़ा है।
सड़क पर फैली गिट्टी से दो पहिया वाहन चालकों के लिए खास खतरा बना हुआ है। तेज रफ्तार में गिट्टी पर वाहन फिसलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को अधूरे हिस्से का निर्माण जल्द पूरा कर सड़क को सुरक्षित आवागमन के योग्य बनाना चाहिए।

