
2027 की सियासत में मंत्री के नाम की चर्चा, टिकट की दावेदारी की अभी पुष्टि नहीं
रोशन जायसवाल,
बलिया। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का मौजूदा कार्यकाल मार्च 2027 में पूरा होना है। इसके बाद प्रदेश में नई सरकार किसकी बनेगी, यह आने वाला वक्त तय करेगा। लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले बलिया की सियासत में संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इसी बीच योगी सरकार में राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी का नाम सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र से भी जोड़ा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों और क्षेत्र में चर्चा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दानिश आजाद अंसारी सिकंदरपुर से भाजपा का टिकट मांग सकते हैं। हालांकि ‘बलिया आजकल‘ इस चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है, लेकिन मंत्री का बलिया से पुराना राजनीतिक जुड़ाव और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए इस चर्चा ने सियासी माहौल जरूर गर्म कर दिया है। दानिश आजाद अंसारी मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं और वर्तमान में प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग में राज्यमंत्री हैं।
सिकंदरपुर विधानसभा सीट पर 2022 में समाजवादी पार्टी के मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में 2027 के चुनाव में भाजपा की ओर से कौन चेहरा मैदान में उतरेगा, इसको लेकर अभी से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
क्या दानिश आजाद अंसारी सिकंदरपुर से भाजपा के संभावित उम्मीदवार होंगे? या पार्टी उन्हें किसी दूसरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारेगी? इन सवालों का जवाब फिलहाल भविष्य के गर्भ में है, लेकिन सिकंदरपुर की सियासत में दानिश आजाद के नाम की चर्चा ने चुनावी तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

