
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव में मां-बेटे की मौत से जुड़े आगजनी कांड में मंगलवार को बड़ा मोड़ आ गया। इस मामले के नामजद आरोपी ससुर झूलन चौरसिया का शव घर के पीछे स्थित पोखरे में तैरता हुआ मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मंगलवार सुबह गांव का एक किशोर पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। घबराकर उसने तुरंत अपने चचेरे भाई को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को इसी गांव में हुए आगजनी कांड में एक महिला और उसके मासूम बेटे की जलकर मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने ससुर झूलन चौरसिया पर घर में ताला लगाकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहे थे, जिससे उनकी तलाश की जा रही थी।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, सास और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस पहले ही सास और जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि झूलन चौरसिया की तलाश जारी थी। इसी बीच उनका शव पोखरे में मिलने से मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है, दुर्घटना या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि आगजनी और मौत के इस दोहरे रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।

