
बलिया। बांसडीहरोड क्षेत्र के शहपुरवा गांव में जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत के मामले में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता (जेई) आनंद जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि संविदा पर तैनात एसएसओ मुकुल उपाध्याय की सेवाएं समाप्त (बर्खास्त) कर दी गई हैं। इसके अलावा एक एसडीओ का भी स्थानांतरण कर दिया गया है।
विभाग के मुताबिक जांच के बाद और भी कार्रवाई हो सकती है। विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों और विद्युत व्यवस्था की निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई। इसी के आधार पर अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। घटना के बाद जब ग्रामीणों ने फोनकर बिजली काटने की बात कही तो इन एसएसओ द्वारा तत्काल बिजली काटने की बजाय घटनास्थल का वीडियो मांगा गया।
बिजली विभाग को आइना दिखाने के लिए घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बलिया-बांसडीह मार्ग पर शहपुरवा गांव के सामने जाम लगा दिया था। लोगों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की थी। इसके बाद आनन फानन बिजली विभाग ने कार्रवाई की गई। इस संबंध में विद्युत विभाग बलिया के अधीक्षण अभियंता प्रवीण वर्मा ने बताया कि जेई को निलंबित करने के साथ एसएसओ को बर्खास्त कर दिया गया है। अभी मामले की जांच की जा रही है।

