Asarfi

Ballia : गैस सिलेंडर को लेकर अफरातफरी, एजेंसियों पर लंबी कतारें, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

width="500"

बलिया। गल्फ कंट्री में चल रहे युद्ध की खबरों के बीच बलिया में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


आमतौर पर गैस सिलेंडर की बुकिंग के एक-दो दिन के भीतर डिलीवरी हो जाती थी, लेकिन इन दिनों उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। इससे कई घरों में रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं, एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग के नियम की जानकारी न होने के कारण भी कई उपभोक्ता भ्रम की स्थिति में हैं।
शंकरपुर स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंची एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि सिलेंडर न मिलने के कारण घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वह सुबह पांच बजे से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका है। वहीं, एक अन्य उपभोक्ता ने शिकायत की कि उनके मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज आ चुका है, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है।


ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों पर भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला मोबाइल नंबर कई बार बंद रहता है, जिससे नई बुकिंग कराने में भी परेशानी हो रही है।

जिलाधिकारी ने लोगों से की अपील
इस मामले में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर के स्टॉक में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण या वितरण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और शुक्रवार को इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *