You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा

बलिया। पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार को 15 केंद्रों पर शुरू हो गई। इसमें 25 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पानी की बोतलें तक अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें अभ्यर्थियों को लाइन में लगाकर अंदर भेजा गया। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, जिसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह 9 बजे तक अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र सतीश चंद्र डिग्री कॉलेज, गुलाब देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर समय से परीक्षार्थी पहुंच गये और चेकिंग होने के बाद अंदर प्रवेश किए।


यह परीक्षा जिले में शनिवार और रविवार को आयोजित की जा रही है। शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा चली। परीक्षा में गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल सहित अन्य जनपदों से भी अभ्यर्थी शामिल होने आए हैं, जो शुक्रवार रात से ही जिले में पहुंचने लगे थे। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा में पुलिस के जवान भी सुबह से ही मुस्तैद थे। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी साइबर कैफे और फोटोस्टेट की दुकानें बंद करा दी गई थीं।

वहीं परीक्षा समाप्त होतेे ही सभी परीक्षार्थी एक साथ बाहर निकले जिससे कुछ समय के लिये सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम लगने की वजह से वाहनों का लंबा काफिला सड़़कों पर रेंगता रहा। पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया जिससे लोगों को आने जाने में काफी सहूलियत रही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *