You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बेरूआरबारी ब्लॉक कर्मियों ने शुरू की बेमियादी कलमबंद हड़ताल

बेरूआरबारी (बलिया)। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उमेश कुमार सिंह के कार्यालय में घुसकर अभद्रता, तोड़फोड़ और सरकारी पत्रावलियों को क्षति पहुंचाने के मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज विकास खंड बेरूआरबारी के कर्मचारियों ने मंगलवार से बेमियादी कलमबंद हड़ताल और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में धरने पर बैठे कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन पर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।


कर्मचारियों के अनुसार, सात सितंबर को ग्राम पंचायत सुखपुरा निवासी सिटू यादव 10-15 लोगों के साथ एडीओ पंचायत के कार्यालय में पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज व अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस दौरान कार्यालय की सरकारी पत्रावलियों और उपकरणों को क्षति पहुंचाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात भी कर्मचारियों ने कही। मामले में एडीओ पंचायत की ओर से आठ सितंबर को बेरूआरबारी पुलिस चौकी में तहरीर दी गई थी। इसके बाद नौ सितंबर को सुखपुरा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।


कर्मचारियों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका यह भी कहना है कि 15 सितंबर को आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थल पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो प्रसारित किया गया।

21 सितंबर तक गिरफ्तारी का दिया था अल्टीमेटम
कर्मचारियों ने बताया कि मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 18 सितंबर को कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्रक सौंपकर 21 सितंबर तक आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। निर्धारित समय तक गिरफ्तारी न होने पर कर्मचारियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।

विकास कार्य और जनसेवाएं प्रभावित
हड़ताल के कारण विकास खंड कार्यालय का नियमित कामकाज प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी तथा सरकारी अभिलेखों को क्षति पहुंचाने और लोक सेवक को कार्य से रोकने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
धरने में मुख्य रूप से सचिव रवि यादव, शशांक शेखर, रजनीश राय, चंद्रभान गुप्ता, संतराज वर्मा,एसरार अहमद, सफाई कर्मी संघ के अध्यक्ष सुनील गौतम, रमजान अहमद, आशुतोष मिश्रा, कृष्ण गुप्ता, राकेश, शिवकुमार, तुलसी, रामबहादुर, रामअवतार सहित ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ, सफाई कर्मचारी संघ, पंचायत सहायक, पटल सहायक सहित विकास खंड के सैंकड़ो कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *