
बलिया। महर्षि भृगु मेडिकल कॉलेज के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला अस्पताल परिसर में स्थित सीएमओ और सीएमएस कार्यालय, पुरानी ओपीडी, टीवी क्लीनिक और आरटीपीसीआर लैब समेत अन्य पुराने भवनों को ध्वस्त कर यहां 10 मंजिला अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण प्रस्तावित है। शासन से स्वीकृति और निर्माण की पहली किस्त जारी होने के बाद अब प्रक्रिया धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धनंजय कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय को पत्र भेजकर सीएमओ कार्यालय को निर्धारित समय के भीतर खाली करने का अनुरोध किया है। पत्र में बताया गया है कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरे परिसर में प्रस्तावित है। इसके लिए पुरानी ओपीडी, सीएमओ और सीएमएस कार्यालय समेत अन्य भवनों को ध्वस्त किया जाना है।
कोल्ड चेन के लिए वैकल्पिक भवन मिलने के बाद ही होगा स्थानांतरण
प्राचार्य के पत्र के जवाब में सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि वर्तमान कार्यालय परिसर में कोल्ड चेन सिस्टम संचालित है। यहां राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार की वैक्सीन सुरक्षित रखी जाती हैं। ऐसे में सीएमओ कार्यालय और कोल्ड चेन के लिए पहले उपयुक्त वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराना आवश्यक है। पर्याप्त स्थान मिलने के बाद ही कार्यालय को स्थानांतरित किया जा सकेगा।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद जिला अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे जिले के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। साथ ही स्थानीय छात्रों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा और गंभीर उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता भी कम होगी। शासन की ओर से निर्माण प्रक्रिया को गति देने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा चुकी है। निर्माण कार्य की अवधि लगभग दो वर्ष निर्धारित की गई है।

