
जिला कारागार से निकली तिरंगा रैली, वीर सेनानियों की प्रतिमाओं पर हुआ माल्यार्पण
बलिया। बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कारागार से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने हाथों में तिरंगा लेकर स्वयं निकले। इस रैली में एक हजार से संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। यह रैली जिला कारागार से शुरू होकर कुंवर सिंह चौराहा पहुंची। यहां वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद रैली टीडी कॉलेज चौराहा पहुंची, जहां रामदहीन ओझा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

रैली आगे बढ़ते हुए मुरली मनोहर की प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता आंदोलन के वीर सेनानियों एवं बलिदानियों को नमन किया गया। इसी के साथ तिरंगा रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने बलिया के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और यहां के वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। रैली के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एनसीसी के छात्र छात्राओं, बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

