
रोशन जायसवाल,
बलिया। सिक्ख समुदाय के 10 वें गुरु गुरुगोविंद सिंह महाराज का प्रकाश उत्सव पर्व गुरूवार को नगर में धूमधाम से मनाया गया। सिक्ख समुदाय के लोगों ने गुरू द्वारा रोड स्थित गुरू दरबार से विराट शोभा यात्रा निकाली। शोभायात्रा की अगुवाई महाराज के पंज प्यारे कर रहे थे।

गुरू गोविंद सिंह की जयंती पर्व पर बलिया में विशाल शोभायात्रा गुरूवार को निकाला गया। इसमें गुरू ग्रंथ साहिब की सवारी निकाली गई जिसकी अगुवाई पंज प्यारे कर रहे थे। वहीं पंज प्यारे के आगे सिख समाज की महिलाएं मार्ग को पानी से सफाई करते हुए आगे बढ़ रही थी। वहीं गुरू ग्रंथ साहिब के सवारी के आगे सड़कों पर फूलों की चादर बिछाई गई थी जिस पर गुरू ग्रंथ साहिब की सवारी चल रही थी। गुरूद्वारा से निकलकर टाउनहाल स्टेशन रोड, चौक स्टेशन रोड, सिनेमारोड से बालेश्वर घाट रोड, शनिश्चरी मंदिर, सारंग होटल, चमन सिंह बाग रोड, गुदरी बाजार, चौक, कासिम बाजार होते हुए गुरूद्वारा रोड पहुची। जहां गुरूद्वारा में प्रकाशोत्सव में शामिल हुए। 27 दिसंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित है जिसमें लाखों लोगों को लंगर कराया जाएगा।

पंजाब के कलाकारों ने दिखाया हुनर
बलिया। प्रकाशोत्सव शोभायात्रा में पंजाब के सिख भाईयों ने अपने हुनरों का जबरदस्त प्रदर्शन किया। एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतबों को देखकर लोग सोचने पर मजबूर हो गये। शरीर पर बाइक चलाना, शरीर पर बर्फ की सिल्ली रखकर हथौड़ा मारना आदि खतरनाक करतबों का प्रदर्शन किया।

पूरे मार्ग तक समाजसेवियो ने किया स्वागत
शोभायात्रा मंें लायंस क्लब के साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा शोभायात्रा में चल रहे सिख भाईयों का स्वागत किया गया। समाजसेवियों ने मिष्ठान, जलपान आदि कराया। जगह-जगह लोग स्वागत में जमे रहे।

पंज प्यारों के सम्मान में आगे आए व्यापारी
गुरू ग्रंथ साहिब के सवारी के आगे चल रहे पंज प्यारो के स्वागत में व्यापारी वर्ग सामने आया। सभी व्यापारियों ने साफ बांधकर, माला पहनाकर पंज प्यारों का स्वागत किया।
नहीं दिखा नगरपालिका का कोई रोल
बलिया में हर साल प्रकाशोत्सव पर शोभायात्रा निकाली जाती है जिसमें नगरपालिका परिषद और जिला प्रशासन के लोग सक्रिय रहते है। क्योकि नगरपालिका की सफाई व्यवस्था इसलिये जरूरी माना जाता है कि मार्गों को साफ करते हुए गुरू ग्रंथ साहिब की सवारी आगे बढ़ती है। करतब दिखाने वाले सिख भाईयों का जो सामान नष्ट होकर सड़क पर पड़ा रहा उसको भी नगरपालिका नहीं हटा पाई।
पुलिस व महिला पुलिस भी नहीं दिखीं
जहां सिख समाज के महिलाएं व पुरूष शोभायात्रा में शामिल हुई थीं, उनकी सुरक्षा में और मार्ग को क्लिीयर करने में ट्रैफिक पुलिस के जवान तो दिखे लेकिन सुरक्षा में पुरूष व महिला पुलिस नहीं दिखी। इससे सिख समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

