
बलिया। नगर पंचायत बिल्थरारोड क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 जहीरगंज मोहल्ले में शनिवार की रात सर्पदंश से 13 वर्षीय हिमांशु की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने किशोर को सीएचसी सीयर पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसने शोर मचाया। जिस पर वे मौके पर पहुंचे। पहले घरेलू स्तर पर उसका उपचार कराने का प्रयास किया लेकिन हालत लगातार गंभीर होती गई। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर लाया गया।
वहीं चिकित्सकों के अनुसार किशोर को सर्पदंश के लगभग ढाई से तीन घंटे बाद अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि यदि सर्पदंश के तुरंत बाद उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो समय रहते एंटी-वेनम इंजेक्शन और आवश्यक उपचार देकर उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में घरेलू उपचार के भरोसे न रहें और पीड़ित को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

