
रोशन जायसवाल,
बलिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बलिया से जोड़ने के लिए कासिमाबाद स्थित 310 किमी पर कट बनवाने के लिए मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दे दी है। बहुत जल्द कासिमाबाद में बाईपास कट का निर्माण किया जायेगा। इससे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से सफर करने वाले लोगों को सहुलियत मिलेगी। बताते चले कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का कोई भी कट बाईपास बलिया जिले में नहीं है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री द्वारा इसे हरी झंडी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया को एक बड़ी सौगात दी है। अब लोग पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से सफर करने के लिए कासिमाबाद से गाजीपुर तक सर्विस लेन का चक्कर नहीं लगायेंगे। अब सीधे रसड़ा होते हुए कासिमाबाद बाईपास 310 किमी पर कट से यात्रा कर सकेंगे। विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 को लेकर बलिया जनपद के लिए महत्वपूर्ण कार्ययोजना प्रेषित की जा चुकी है। इसमें अन्य महत्वपूर्ण में बलिया में मेडिकल कालेज का शिलान्यास, कृषि रिसर्च सेंटर की स्थापना, शहीद मंगल पांडेय पुस्तकालय की स्थापना, मुड़ियारी और सुरहाताल में वेट लैंड को रामसर स्थल घोषित किया जाना है। बांसडीह तहसील में सब्जी एवं काली गाजर की खेती को बढ़ावा देना जैसे महत्वपूर्ण योजना है।
इसी क्रम में लगभग 25 सौ करोड़ की परियोजना परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की है। परिवहन मंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट एयरपोर्ट की तर्ज पर रोडवेज, कटहल नाला सुंदरीकरण, मेडिकल बाईपास कारिडोर, वैना-बांसडीह रोड बाईपास, नया जिला कारागार सहित अन्य पर काम चल रहा है। कई माह पहले शासन द्वारा पूर्व आईएएस अधिकारियों की टीम बलिया आयी थी। उन्होंने सर्वे किया था। इसके बाद प्रोजेक्ट को तैयार किया। शनिवार को परियोजनाओं के विभिन्न बिन्दुओं पर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने सहमति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री से मिले अरविंद कुमार सिंह, प्रस्तुत किया एजेंडा
सेवानिवृत आईएस अरविंद कुमार सिंह 23 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। जिस पर उन्होंने बलिया के बेहतरी के लिए कार्ययोजनाओं से जुड़ी एजेंडा प्रस्तुत किया था जिस पर योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिया कि जल्द ही इस पर कार्य शुरू कराया जाएगा। गौरतलब हो कि अरविंद कुमार सिंह बांसडीह तहसील क्षेत्र के देवडीह गांव के रहने वाले है।
विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के बलिया के शासन द्वारा गठित पांच सदस्यीय टीम के प्रभारी रिटायर्ड आईएएस अरविंद कुमार सिंह को बनाया गया है। मुख्यमंत्री से वार्ता के दौरान कुल 10 बिंदुओें पर चर्चा हुई। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेंगे।

