
सिकंदरपुर (बलिया)। पूर्व की सरकारों में अनाचार, कदाचार, भ्रष्टाचार का बोलबाला था। सपा की सरकार में आमजन सुरक्षित नहीं थे, महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर ससंकित रहा करती थी। चट्टी-चौराहों से निकलना मुश्किल था, व्यापारी सुरक्षित नहीं थे लेकिन आज ऐसा नहीं है। जेल से समानांतर सरकार चलाने वाले आज योगी के नाम पर या तो प्रदेश छोड़ दिए हैं या फिर जेल से बाहर नहीं आना चाहते।

उक्त बातें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु ने बुद्धवार को सिकंदरपुर स्थित तुलसी पैलेस में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। भाजपा के सदस्यता महाअभियान का शुभारंभ करते हुए आयुष मंत्री ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। 14 वर्षों बाद सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां लोकतंत्र है। इस महा अभियान का उद्देश्य गांव, गरीब, मजदूर, किसान, युवा सबको भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए उन्हें पार्टी से जोड़ना है। पार्टी के प्रत्येक सांसदों, विधायकों के लिए अलग से लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह कार्यक्रम तीन चरणों में चलाया जाएगा। विश्वकर्मा दिवस पर विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाना है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए कम से कम 100 सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलानी होगी। जबकि पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का है। मंत्री ने बताया कि इसके अलावा कोई भी व्यक्ति मोबाइल बारकोड या वेबसाइट की सहायता से ऑनलाइन भी भाजपा की सदस्यता ले सकता है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संजय यादव, जिला महामंत्री प्रयाग चौहान, प्रदीप सिंह, सुरजीत सिंह, संजय जयसवाल, अरविंद राय, मोहन गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।
रमेश जायसवाल

