Asarfi

Ballia : गैर प्रांत में तस्करी के लिए जा रही 22 लाख की शराब बरामद, चालक फरार

width="500"

वाहन स्वामी और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दोकटी (बलिया)।
दोकटी पुलिस को मंगलवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से विभिन्न ब्रांडों की करीब 3105 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है तथा वाहन स्वामी और अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


थानाध्यक्ष दोकटी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक गिरीशचंद्र अपने हमराह कांस्टेबल राजीव कुमार के साथ शोभा छपरा-बैरिया मार्ग से होते हुए मठ धजु गिरि की मठिया लक्ष्मण छपरा मार्ग पर पहुंचे। यह मार्ग जयप्रकाश नगर बंधे की ओर जाता है।
रात्रि करीब 10ः30 बजे एक सफेद रंग की पिकअप वाहन सामने से आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक अचानक घबरा गया और वाहन को मठ धजु गिरि की मठिया लक्ष्मण छपरा मार्ग के दक्षिण दिशा में स्थित पीपल के पेड़ के पास सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।


वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने पिकअप की जांच की। वाहन पर पीले रंग का त्रिपाल बंधा हुआ था। जब त्रिपाल हटाकर देखा गया तो अंदर शराब की बड़ी मात्रा में पेटियां लदी मिलीं। इसके बाद पुलिस ने आरक्षी चालक रामबाबू गोस्वामी की मदद से वाहन को थाना दोकटी लाकर विस्तृत तलाशी ली।

तलाशी में पिकअप से मिला 3105 लीटर शराब
तलाशी के दौरान पिकअप से कुल 300 पेटियों में 3105 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। इनमें 500 एमएल की बीयर की 150 पेटियां, 8 पीएम 180 एमएल की 65 पेटियां, ऑफिसर च्वाइस 180 एमएल की 30 पेटियां, रॉयल स्टैग 750 एमएल की पांच पेटियां, रॉयल स्टैग एमपी 375 एमएल की 15 पेटियां, आफ्टर डार्क 180 एमएल की 25 पेटियां, ब्लेंडर प्राइड व्हाइट 750 एमएल की तीन पेटियां, ब्लेंडर प्राइड ब्राउन 375 एमएल की दो पेटियां तथा 8 पीएम गोल्ड 180 एमएल की पांच पेटियां शामिल हैं।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। आशंका जताई जा रही है कि शराब को गैर प्रांत में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पिकअप को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। वाहन स्वामी की पहचान प्रदीप कुमार वर्मा पुत्र हीरालाल वर्मा निवासी बहादुरपुर कारी अभयपुर, जनपद बलिया के रूप में हुई है। इस मामले में थाना दोकटी पर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत वाहन स्वामी एवं अज्ञात चालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *