
बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में छह जून को हुई कथित लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट की साजिश घर की ही एक महिला ने अपने भाइयों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान और नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में स्वाट, सर्विलांस और खेजुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। छह जून को खड़सरा निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और उसकी पत्नी व भाभी को डरा-धमकाकर जेवरात तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना खेजुरी में मुकदमा दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। विवेचना में पता चला कि वादी की भाभी अमीना खातून ने अपने भाइयों शमीम और इरशाद के साथ मिलकर पूरी घटना की साजिश रची थी। सोमवार को पुलिस ने अमीना खातून पत्नी अली अहमद निवासी खड़सरा तथा शमीम पुत्र सगीर निवासी उत्तर टोला, कस्बा रेवती को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक मंगलसूत्र, लॉकेट, बंद करने का लॉक, टूटा हुआ कीपैड मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में अमीना खातून ने स्वीकार किया कि पारिवारिक कलह के कारण उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिलाया था। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी इरशाद की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

