
बलिया। गत दिवस गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (बलिया) के नए कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। बैठक में प्रधान पद के लिए सरदार हरजीत सिंह चावला तथा जनरल सेक्रेटरी पद के लिए सरदार स्वर्ण सिंह के नाम प्रस्तावित किए गए। उपस्थित संगत ने दोनों नामों का सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके बाद चुनाव अधिकारी सरदार नवतेज सिंह राजपूत ने दोनों के निर्वाचित होने की घोषणा की।
नए कार्यकाल की सफलता के लिए गुरु महाराज से अरदास कर आशीर्वाद लिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा बलिया गुरुद्वारा साहिब से संबंधित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है और विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन भी कराया जाता है। इस दौरान मुख्य रूप से सरदार सुरजीत सिंह एडवोकेट, सरदार इंद्रपाल सिंह, सरदार जगजीत सिंह बाबू, सरदार अमृतपाल सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, सरदार सुरेंद्र सिंह कपूर, सरदार प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे।

