
बलिया। शेखर फाउंडेशन एवं चंद्रशेखर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर शुक्रवार को चंद्रशेखर उद्यान में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत जननायक चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित करने के पश्चात दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जननायक पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृतियों को साझा करते हुए मुख्य अतिथि शिवपूजन सिंह ने कहा कि वर्तमान परिवेश में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के विचार सर्वाधिक प्रासंगिक हो गए हैं। चंद्रशेखर हमेशा समाज के कमजोर वर्ग की आवाज उठाते रहे। वह कहा करते थे कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली होगी, तभी देश और समाज आगे बढ़ेगा।

चंद्रशेखर विचार मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि हम सभी को जनननायक चंद्रशेखर के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है, ताकि हम सभी देश के लिए कुछ कर सकें। इस अवसर पर जनपद के कोने-कोने से आए लोगों ने अपने प्रिय नेता को पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि दी। वहीं, शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने भी चंद्रशेखर उद्यान में पहुंचकर अपनी श्रद्घांजलि अर्पित की।
सुबह से ही श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर मनोज सिंह, भुवनेश्वर चौधरी, दिनेश सिंह, जयप्रकाश साहू, रामजी यादव, दीपक सिंह, अमित सिंह बघेल, विवेक सिंह, तेजा सिंह, जितेंद्र सिंह, भानुप्रकाश सिंह बबलू, सम्राट कुंवर आदि उपस्थित रहे।

