बलिया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया था, जिसका पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार को विद्यालय परिसर में हुआ। इस दौरान कबड्डी, हॉकी, हैंडबॉल और 100 मीटर दौड़ सहित कई प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह का संचालन इरफान अंसारी ने किया। प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास पैदा करता है। मेजर ध्यानचंद ने देश का नाम रोशन किया, आप सभी बच्चे भी उनके आदर्शों पर चलकर विद्यालय और देश का नाम रोशन करें। प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इंचार्ज अरविन्द चौबे, चन्द्रकेश गुप्ता, हेमन्त गुप्ता, प्रिया पाण्डेय, साधना राय आदि शिक्षक गण उपस्थित थे।
