You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : भक्ति, आस्था और संस्कृति के संगम में झूम उठा बांसडीह, डांडिया महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

विधायक केतकी सिंह के आयोजन में हजारों महिलाओं-बालिकाओं ने लिया हिस्सा, वाराणसी के धर्माचार्यों ने की मां दुर्गा की आरती

बांसडीह, बलिया। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मंगलवार की देर शाम बांसडीह महाविद्यालय परिसर भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के रंग में सराबोर हो उठा। विधायक केतकी सिंह की ओर से आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव में हजारों महिलाओं और बालिकाओं की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने गीत-संगीत की धुन पर डांडिया खेलकर पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक केतकी सिंह ने मां दुर्गा के जयकारों के बीच पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वाराणसी से आए धर्माचार्यों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।


इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि नवरात्र केवल शक्ति की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि नारी सम्मान, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं और बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, पारंपरिक संस्कृति से जुड़ने तथा आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और लोकपरंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और भाईचारे को मजबूत करती है। कार्यक्रम में अर्चना विश्वकर्मा, नीलम राजभर, ममता, रेखा, सविता, सुमित्रा, सुनीता, प्रियम्बंदा, राखी, प्रियंका तिवारी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

डांडिया महोत्सव की सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस, सादे वर्दी में भी तैनात रहे जवान

बांसडीह। बांसडीह महाविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष मौजूदगी रही। वहीं, भीड़ पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सादे कपड़ों में भी महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जुटे रहे।
पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा इंतजामों के बीच डांडिया महोत्सव में शामिल महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *