रोशन जायसवाल,
बलिया। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं के बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेताओं के घर के चक्कर लगाने से टिकट नहीं मिलता, बल्कि पार्टी के लिए जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
मीडिया से बातचीत में नीरज शेखर ने कहा कि भाजपा टिकट देने से पहले यह देखती है कि किसने संगठन और पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में यह जरूरी नहीं है कि कोई नेता टिकट के लिए बड़े नेताओं के घर के चक्कर लगाए। नेतृत्व को पता होता है कि किस कार्यकर्ता ने संगठन के लिए कितना काम किया है और किसे आगे बढ़ाना है।
राज्यसभा चुनाव में संभावित उम्मीदवारों को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज शेखर ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची पार्टी नेतृत्व तय करता है।
उन्होंने कहा, लिस्ट हम लोग नहीं बनाते हैं, इसलिए इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। राज्यसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के पास पर्याप्त संख्या है और नेतृत्व जितनी सीटों पर उम्मीदवार तय करेगा, भाजपा उन सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से धनराज नाथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर नीरज शेखर ने इसे सपा का अंदरूनी मामला बताया।
