बलिया। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में यात्रा की सुविधा मिलने के बाद अब बलिया रोडवेज प्रशासन ने उनके लिए एक और विशेष पहल की है। जिले की बुजुर्ग महिलाओं को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने के लिए परिवहन निगम की ओर से विशेष बस संचालित की जाएगी। इसके लिए महिलाओं की संख्या कम से कम 35 होनी चाहिए। समूह के अनुरोध पर निर्धारित समय के अनुसार बस की व्यवस्था की जाएगी।
इस पहल के तहत महिलाओं को धार्मिक स्थल तक पहुंचाने के साथ ही दर्शन-पूजन के बाद उन्हें वापस बलिया भी लाया जाएगा। यानी पूरी यात्रा के लिए महिलाओं से बस का किराया नहीं लिया जाएगा। रोडवेज प्रशासन अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इस सुविधा का लाभ दिलाने के लिए ग्राम प्रधानों से भी संपर्क करने की योजना बना रहा है।
काशी से अयोध्या और मथुरा-वृंदावन तक धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर
बलिया की महिलाएं प्रदेश के किसी भी धार्मिक स्थल की यात्रा के लिए विशेष बस की सुविधा ले सकती हैं। इनमें वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या का श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, मथुरा का श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, वृंदावन का बांके बिहारी मंदिर, मीरजापुर का विंध्याचल धाम और प्रयागराज का मनकामेश्वर मंदिर प्रमुख हैं।
इस संबंध में महेश चंद्र पांडेय, एआरएम, बलिया रोडवेज ने बताया कि महिलाओं की संख्या जब 35 या उससे अधिक हो जाए तो वह परिवहन कार्यालय में संपर्क करें। उनके लिए विशेष बस धार्मिक स्थलों तक भेजी जाएगी।
