बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के सभासदों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वार्डों की जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभासदों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। सभासदों ने कहा कि वार्डों की समस्याओं के संबंध में पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जिसके कारण उन्हें अपने-अपने वार्डों में लोगों के बीच असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों ने मांग की कि नगर पालिका बोर्ड से स्वीकृत सड़कों के प्रस्तावों को मंजूरी देकर उनकी निविदाएं जल्द जारी की जाएं। साथ ही निविदाओं की सूची सभासदों को उपलब्ध कराई जाए। सफाई व्यवस्था के लिए हुई निविदा को लागू करने के साथ ही वार्डों में जरूरी क्रॉसडेन, नालियों और पटियों की मरम्मत कराने की भी मांग की गई। उन्होंने वार्डों में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने और खराब पड़ी पुरानी लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की। इसके अलावा जरूरत के अनुसार शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जर्जर पाइपलाइनों को बदलने की बात कही गई।
सभासदों ने ददरी मेले के पिछले दो वर्षों के आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से प्रत्येक वार्ड में सड़क और नाली निर्माण व मरम्मत के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजे गए थे, लेकिन किन्हीं कारणों से अभी तक उनकी निविदाएं जारी नहीं हो सकी हैं। इस मौके पर अमित कुमार दूबे, रवि सोनी, अमित कुमार, अशोक सिंह, सोनी यादव, निशा रावत, संगीता देवी, हृदय नारायण गुप्ता, बबीता, गीता देवी, दिलशाद अहमद और अजीत वर्मा समेत कई सभासद मौजूद रहे।
