बेरुआरबारी (बलिया)। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत मैरीटार के दक्षिण टोला में सोमवार की सुबह सांप के डंसने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार मैरीटार दक्षिण टोला निवासी धीरज राजभर (6) पुत्र भूलन कुमार राजभर सोमवार की सुबह करीब पांच बजे बिस्तर से उठकर पेशाब करने के लिए घर के बगल में गया था। इसी दौरान झाड़ी में छिपे सांप ने उसे डंस लिया। सांप के डंसते ही धीरज चीखते हुए घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

परिजन आनन-फानन में उसे झाड़- फूंक कराने के बाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कुछ देर पहले तक जिस घर में बच्चे की चहकती आवाज गूंज रही थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। मां पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं एक छोटा भाई और एक बहन भी धीरज की मौत से बदहवास हैं।
