मुस्तफाबाद गांव में वारदात से मचा हड़कंप, सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका, डाग स्क्वायड, एफएसएल और स्वाट-सर्विलांस टीम ने शुरू की जांच
बलिया। रसड़ा क्षेत्र के सराय भारती क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक ही परिवार की मां-बेटी की हत्या से हड़कंप मच गया। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका है। पुलिस को सुबह करीब 8ः30 बजे गांव के चौकीदार ने सूचना दी कि मुस्तफाबाद में मानती गुप्ता (65) और उनकी करीब 22 वर्षीय बेटी गौरी के शव पड़े हैं। सूचना पर थाना रसड़ा पुलिस के साथ डाग स्क्वायड, एफएसएल और स्वाट-सर्विलांस की टीमें मौके पर पहुंचीं।

पुलिस के अनुसार परिवार में रामचीज गुप्ता (70), उनकी पत्नी मानती गुप्ता और बेटी गौरी रहती थीं। गौरी दिव्यांग और दृष्टिबाधित बताई गई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना घर में हुई प्रतीत हो रही है। घर में खून आदि को धोकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किए जाने के संकेत मिले हैं। वहीं गौरी का शव घर के पीछे धान के खेत में करीब 25-30 मीटर दूर खेत के किनारे पड़ा मिला।

पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। रामचीज गुप्ता से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल घटना से जुड़ी कई बातें स्पष्ट नहीं हैं। परिजनों से किसी तरह की दुश्मनी या विवाद के संबंध में जानकारी ली गई, लेकिन ऐसी किसी बात से इनकार किया गया है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चोटों और मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जुटी टीमों को जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
