
बेरुआरबारी (बलिया)। विकास खंड बेरुआरबारी में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उमेश कुमार सिंह ने सुखपुरा निवासी सिंटू यादव समेत 10-15 लोगों पर कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्यालयी दस्तावेज व उपकरणों को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में सुखपुरा थाने क्षेत्र के बेरुआरबारी पुलिस चौकी में तहरीर देकर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, एडीओ पंचायत उमेश कुमार सिंह सात सितंबर को करीब दोपहर एक बजे पंचायत कार्यालय में विभागीय कार्यों का निष्पादन कर रहे थे।
इसी दौरान सिंटू यादव पुत्र राजनारायण यादव निवासी ग्राम पंचायत सुखपुरा अपने साथ 10-15 लोगों को लेकर कार्यालय में पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता और अपशब्दों का प्रयोग किया गया तथा विभागीय कार्यों में बाधा डाली गई। एडीओ पंचायत ने आरोप लगाया कि इस दौरान विभागीय दस्तावेजों और कार्यालयी उपकरणों को भी क्षति पहुंचाई गई। साथ ही उनके साथ मारपीट का प्रयास किया गया। आरोप है कि साथ आए लोगों ने घटना का वीडियो बनाया और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे उनके विभागीय पद की गरिमा और व्यक्तिगत सम्मान को ठेस पहुंची है।
एडीओ पंचायत ने चौकी प्रभारी बेरुआरबारी के माध्यम से थाना सुखपुरा पुलिस को तहरीर देकर मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी रवि यादव, शशांक शेखर, चंद्रभान गुप्ता, विजय शंकर राम, रमजान अहमद, वरुण सिंह, ओम प्रकाश चौहान, महगु तिवारी, चंद्रशेखर सिंह चौहान आदि रहे।

