
चितबड़ागांव (बलिया)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में 29 अगस्त से जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में खेल-कूद सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन के अंतर्गत विद्यालय परिसर में चारों हाउसों (रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो) के बालक एवं बालिका वर्ग के बीच बेहद रोमांचक कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में ग्रीन हाउस ने रेड हाउस को 12-10 के कड़े मुकाबले में हराया, जबकि येलो हाउस ने ब्लू हाउस को 20-15 से पराजित कर बढ़त बनाई। बालिका वर्ग का खिताबी मुकाबला कल खेला जाएगा। वहीं बालक वर्ग के एकतरफा मुकाबले में ब्लू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो हाउस को 15-8 के अंतर से मात देकर जीत दर्ज की।

प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने बताया कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम का अनुपम उदाहरण है। खेल केवल हार-जीत का नाम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम है।
प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान इंचार्ज अरविंद चौबे, इंचार्ज नीतू मिश्रा तथा हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और मैदान पर उनका मनोबल बढ़ाया।

