
एनओसी के फेर में फंसी जनेश्वर मिश्र सेतु की राह, छह माह से अधूरी कनेक्टिविटी
बलिया। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले जनेश्वर मिश्र सेतु से बक्सर-कोईलवर तटबंध को जोड़ने के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन बिहार की 15 मीटर भूमि के कारण पिछले छह माह से इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। बिहार प्रशासन की ओर से अब तक एनओसी नहीं मिलने से करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क बेकार पड़ी है। सड़क को कोईलवर तटबंध से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड की ओर से मार्च में ही बिहार सरकार से अनुमति मांगी गई थी।
जनेश्वर मिश्र सेतु से यूपी के प्रानपुर गांव की सीमा तक करीब नौ मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। मार्ग में पुलों का भी निर्माण कराया गया है। यूपी की सीमा में सड़क पूरी तरह तैयार होकर चकाचक हो चुकी है, लेकिन बिहार क्षेत्र में महज 15 मीटर भूमि का पेच फंसने से इसका संपर्क कोईलवर तटबंध से नहीं हो पा रहा है।
बताया गया कि तटबंध और उसके आसपास की भूमि बिहार सिंचाई विभाग के अधीन है। सड़क को जोड़ने के लिए दोनों राज्यों के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही कई दौर की बैठकें भी की हैं। इसके बावजूद अभी तक एनओसी जारी नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्रीय लोगों को इस मार्ग का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
एनओसी मिलते ही चार दिन में चालू होगी सड़क
इस संबंध में कार्यदायी संस्था अशोक कंस्ट्रक्शन कंपनी के वीरेंद्र कुमार उर्फ टुन्नूजी पाठक ने बताया कि सड़क का निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है। कोईलवर तटबंध से जोड़ने के लिए बिहार सरकार की अनुमति का इंतजार है। एनओसी मिलते ही चार दिन के अंदर सड़क को पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।
यूपी-बिहार के लिए बनेगी लाइफलाइन
गंगा पर करोड़ों रुपये की लागत से बने जनेश्वर मिश्र सेतु को बिहार के गांवों से जोड़ने के उद्देश्य से इस संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया है। सड़क चालू होने के बाद यूपी और बिहार के बीच आवागमन और आसान हो जाएगा। इससे बक्सर और भोजपुर क्षेत्र के लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी। खासकर बारिश के मौसम में आवागमन का एक बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दोनों प्रदेशों के प्रशासन को आपसी समन्वय से भूमि संबंधी समस्या का जल्द समाधान कर सड़क को चालू कराना चाहिए।
जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के एई इं. एसके सिंह ने बताया कि जनेश्वर मिश्र सेतु से प्रानपुर गांव की सीमा तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। बिहार सरकार से एनओसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और वहां के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही बिहार सरकार की ओर से अनुमति मिलने की उम्मीद है।

