
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बसंतपुर तक छात्रों की मांग पर परिवहन निगम की तरफ से बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से योजना बना ली गई है। साथ ही विश्वविद्यालय परिवार को छात्रों को पंजीयन करने संबंधित निर्देश सौंप दिया है। निगम की तरफ से पंजीयन शुल्क 25 रुपये रखा गया है।
छात्र का एमएसटी किराया 450 रुपये होगा। ऐसे में इन छात्रों की उम्र 21 वर्ष से कम होनी चाहिए। सामान्य एमएसटी का किराया 637 रुपये निर्धारित किया गया है। ऐसे यात्रा करने वालों की उम्र 21 वर्ष से ऊपर होगी। बसंतपुर स्थिति विश्वविद्यालय से बलिया रोडवेज बस स्टेशन की दूरी 11 किमी है। जिसका किराया निगम के हिसाब से एक तरफ का 17 रुपये होगा।
एआरएम महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि परिवहन मंत्री के निर्देश पर विश्वविद्यालय तक बसों के संचालन की योजना तैयार कर ली गई है। विश्वविद्यालय से छात्रों के पंजीयन कराने के लिए पत्राचार के साथ ही संपर्क किया गया है।

