
बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के बिगहीं गांव में सोमवार की रात तीन घरों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह चोरी का पता चलने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बांसडीहरोड और हल्दी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार बिगहीं निवासी राजू सिंह के घर में चोरी के समय केवल महिलाएं मौजूद थीं। चोर घर के पीछे स्थित जंगला उखाड़कर अंदर घुसे। उन्होंने महिलाओं के सिकड़ी, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठियां सहित सोने-चांदी के अन्य आभूषण चुरा लिए।

इसी क्रम में, बृजेंद्र सिंह के घर में चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। उनकी पत्नी के मुताबिक, चोर ड्रेसिंग टेबल में रखा सोने-चांदी का जिऊतिया और लगभग 40 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। वारदात के दौरान, चोरों ने उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया था जिसमें परिवार की महिलाएं सो रही थीं।
मदन तिवारी के घर में भी चोरों ने सेंध लगाई। उनके पुत्र विवेक तिवारी ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और खिड़की तोड़कर बाहर निकले। चोरों ने उनकी माता की अलमारी तोड़कर उसमें रखे मंगलसूत्र, कान के झुमके, सिकड़ी, चार पायल और करीब 15 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं क्षेत्र में लोगों में दहशत है।

