You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : दहेज के लिए एक और विवाहिता की मौत, पति समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

width="500"

बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के यादवनगर (शाहपुर) गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के चचेरे भाई अजीत कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी चचेरी बहन गोल्डी यादव की शादी 23 अप्रैल 2021 को राकेश कुमार यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति राकेश, ससुर कमलेश यादव, देवर नितिश यादव और सास इसरावती देवी कम दहेज लाने का ताना देकर गोल्डी को प्रताड़ित करते थे।
अजीत ने बताया कि ससुराल वाले कार खरीदने के लिए गोल्डी के मायके वालों से 3 लाख रुपए नकद लिए थे। इसके बावजूद वे अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे। गोल्डी ने कई बार मायके वालों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार उनकी मांग पूरी नहीं कर सका।

मौत से पहले फोन कर बताई थी आपबीती
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे गोल्डी ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसकी हत्या करने पर आमादा हैं। इसके बाद रात में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, गोल्डी का पति रात करीब एक बजे गर्मी के कारण छत पर सोने चला गया था। सुबह उसने देखा कि गोल्डी बिस्तर पर अचेत पड़ी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके वालों और पुलिस को सूचना दी गई।

सात माह की बच्ची, परिवार में मचा कोहराम
गोल्डी की सात माह की बच्ची भी है। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि मृतका के चचेरे भाई की तहरीर के आधार पर पति राकेश कुमार यादव, ससुर कमलेश यादव, सास इसरावती देवी और देवर नितिश यादव के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *