
बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र का गोपालनगर टाड़ी गांव सरयू नदी की कटान से बुरी तरह प्रभावित है। नदी की तेज धारा में कई परिवारों के घर, आंगन और खेत समा गए हैं। कटान की मार से बेघर हुए परिवारों के सामने भोजन और रहने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे मुश्किल समय में समाजसेवी सूर्यभान सिंह ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपनी टीम को मैदान में उतारा है।
कटान पीड़ित परिवारों के चूल्हे तक सरयू की धारा में बह गए हैं। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उनके सामने भविष्य की चिंता के साथ रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट भी है। पीड़ितों का कहना है कि नदी की कटान ने उनकी वर्षों की मेहनत और आशियाना दोनों छीन लिए।

कटान पीड़ितों की स्थिति को देखते हुए समाजसेवी सूर्यभान सिंह की टीम की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। टीम के सदस्य लगातार गांव में पहुंचकर पीड़ितों तक राहत सामग्री और भोजन पहुंचाने में जुटे हैं।
सूर्यभान सिंह ने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सबसे जरूरी है। सरकारी सहायता कब और कितनी मिलेगी, यह बाद की बात है, लेकिन फिलहाल किसी परिवार को भूखा न रहने देना प्राथमिकता है।
राहत कार्य में प्रदीप यादव (पूर्व प्रधान गोपालनगर टाड़ी), ओम प्रकाश सिंह, सुमंत सिंह, जगलाल यादव, रामबली यादव, चंदन यादव, तेजन यादव, रामकुमार यादव, रमायण यादव, मुकेश सिंह और अखिलेश गुप्ता सहयोग कर रहे हैं।

