
बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह दुबहर क्षेत्र में गंगा नदी की कटान को लेकर चल रहे आंदोलन स्थल पर पहुंचे। यह आंदोलन शिवपुर दीयर नंबरी ग्राम सभा के पांडे डेरा पूर्वे में पिछले छह दिनों से जारी था। मंत्री ने आंदोलनकारियों से बातचीत की और उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया।
आंदोलन के प्रमुख नेता कल्याण सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन आम लोगों की सूझबूझ से स्थिति नियंत्रण में आ गई है।
परिवहन मंत्री ने आंदोलनकारियों की दो मुख्य मांगों को स्वीकार किया। इनमें गंगा नदी की कटान रोकने की व्यवस्था करना और शिवपुर दीयर नंबरी से जवहीं तक सड़क व पुल की मरम्मत कराना शामिल है। उन्होंने इन मांगों को यथाशीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बृज किशोर सिंह, विश्वजीत सिंह, आनंद विजय पांडे, अनिल यादव, श्रीराम गुप्ता, सुनील पासवान, रूबी देवी, फूल कुमारी, मानती देवी और जानकी देवी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।

