
कुलाधिपति स्वर्ण पदक एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा नंदिनी वर्मा को मिलेगा, 44 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया जाएगा सम्मानित
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) का आठवां दीक्षांत समारोह 29 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व निदेशक पद्मश्री (डॉ.) अशोक कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश देंगे। उच्च शिक्षा मंत्री (कैबिनेट) योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि समारोह में कुल 19,197 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 13,261 स्नातक और 5,936 परास्नातक विद्यार्थी शामिल हैं। स्नातक वर्ग में 8,093 छात्राएं और 5,167 छात्र तथा परास्नातक वर्ग में 3,768 छात्राएं और 2,166 छात्र हैं। इसके अलावा 30 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
समारोह में अपनी-अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 44 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 35 छात्राएं और नौ छात्र शामिल हैं। एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा नंदिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। वहीं, इस वर्ष पहली बार डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किया जाएगा। यह पदक प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को दिया जाएगा।
दीक्षोत्सव में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
दीक्षांत समारोह के पूर्व कुलाधिपति के निर्देश पर ‘दीक्षोत्सव’ का आयोजन किया गया। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर, प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर काव्य लेखन, निबंध और चित्रकला समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्राथमिक विद्यालयों के विजेता विद्यार्थियों को राज्यपाल सम्मानित करेंगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेंगी 200 किट
समारोह के दौरान कुलाधिपति द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट वितरित की जाएंगी। इनमें 100 किट जिला प्रशासन और 100 किट विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्यपाल के विशेष ध्यान वाले बालिका एवं महिला स्वास्थ्य और सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा और राज्यपाल द्वारा इसके प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर कुलसचिव एसएल पाल, पीआरओ प्रमोद शंकर पांडेय और डॉ. नीरज सिंह मौजूद रहे।

