
बलिया। मानसून की दूसरी तेज बारिश में जिला अस्पताल की इमरजेंसी से ट्रॉमा सेंटर जाने वाली गैलरी का फर्श अचानक धंस गया। इससे वहां पर अफरा-तफरी की स्थिति कुछ देर तक बनी रही। फर्श में लगभग चार फीट का गड्ढा बन गया। वहीं ट्रॉमा सेंटर में तैनात कर्मचारी कृष्ण मोहन गिरने से घायल हो गए। अस्पताल कर्मियों ने इमरजेंसी में भर्ती कराया जहां उनका इलाज किया गया। साथ ही दूसरी ओर, तेज बारिश के कारण अस्पताल के पुराने भवनों में जलभराव की समस्या भी सामने आई।
सीएमएस कार्यालय में बरसाती पानी घुस गया, जिससे कार्यालय का कामकाज कुछ देर तक प्रभावित हुआ। वहीं पैथोलॉजी और अन्य हिस्सों में भी पानी भरने से मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सफाईकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पानी बाहर निकाला।
अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि भवन पुराना होने और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण हर साल बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है। बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस बाबत सीएमएस डॉक्टर सुजीत कुमार यादव ने कहा कि बारिश के कारण इमरजेंसी भवन के रैंप व ट्रॉमा सेंटर जाने वाली गैलरी का फर्श का हिस्सा धंस गया है। इसकी मरम्मत कराई जाएगी।

