
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के टोला शिवन राय बाजार मे संदिग्ध परिस्थितियों में निजी चिकित्सक की मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।
बता दे कि डॉक्टर संतोष कुमार 48 वर्ष मूल निवासी ग्राम हरपुर थाना हल्दी बैरिया थाना क्षेत्र के टोला शिवन राय बाजार में क्लीनिक खोलकर प्रैक्टिस करते थे।
बुधवार की रात कुछ मित्रों के साथ मछली भोज में शामिल होने के बाद उनके मित्र वापस चले गए। जबकि संतोष अपने क्लीनिक में सोने के लिए चले गए। गुरुवार की सुबह वह अपने बिस्तर पर मृत पाए गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने चांद दियर पुलिस चौकी को दिया। पुलिस ने इसकी खबर डॉक्टर संतोष कुमार के परिजनों को दिया। डॉ संतोष के पुत्र आनंद कुमार ने इत्तेफाकिया घटना की तहरीर थाने में दी। प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेन्द्र प्रसाद सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। तब आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल घटना की जांच हो रही है।

